हरियाणा में वर्तमान (2026) में कुल 23 जिले और 6 मंडल हैं। 22 दिसंबर 2025 की राज्य सरकार की अधिसूचना के बाद हांसी हरियाणा का 23वां जिला बना, जिसे हिसार और भिवानी जिलों के क्षेत्र से अलग करके गठित किया गया। राज्य की सीमाएं 4 राज्यों (पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश) तथा 2 केंद्र शासित प्रदेशों (दिल्ली, चंडीगढ़) से लगती हैं। हरियाणा का गठन 1 नवंबर 1966 को हुआ था।
हरियाणा भारत के उत्तर-पश्चिम भाग में स्थित एक अत्यंत महत्वपूर्ण राज्य है, जो अपने ऐतिहासिक स्थलों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कृषि एवं औद्योगिक विकास तथा खेलों में अद्वितीय योगदान के लिए जाना जाता है। यदि आप हरियाणा की भौगोलिक संरचना, इसके जिलों और मंडलों को विस्तारपूर्वक समझना चाहते हैं तो हरियाणा का नक्शा (Haryana Map in Hindi) आपके लिए एक उपयोगी और विश्वसनीय साधन सिद्ध हो सकता है।
यह लेख आपको हरियाणा राज्य से संबंधित विभिन्न प्रकार के नवीनतम नक्शे HD क्वालिटी में प्रदान करेगा, जिन्हें आप आसानी से HD गुणवत्ता में और PDF फॉर्मेट में डाउनलोड कर पाएंगे। इस लेख के सभी मानचित्र हांसी जिले सहित 23 जिलों के साथ अपडेट कर दिए गए हैं।
आपको इस लेख में निम्नलिखित प्रकार के नवीनतम मानचित्र मिलेंगे:
- हरियाणा का संपूर्ण राजनीतिक मानचित्र – जिसमें हरियाणा के सभी 23 जिले, 6 मंडल और इसके पड़ोसी राज्य स्पष्ट रूप से दर्शाए गए हैं।
- हरियाणा का जिला मानचित्र – जिसमें हरियाणा के 23 जिलों को उनकी सीमाओं तथा प्रत्येक जिले के मुख्यालय के साथ दिखाया गया है।
- हरियाणा का मंडल मानचित्र – जिसमें राज्य के 6 मंडल और उनकी सीमाएं प्रदर्शित की गई हैं।
- हरियाणा के मंडल और जिलों का मानचित्र – यह मानचित्र स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि कौन-सा जिला किस मंडल के अंतर्गत आता है।
- भारत के नक्शे में हरियाणा की स्थिति – जिससे पूरे देश के संदर्भ में हरियाणा की भौगोलिक स्थिति का स्पष्ट दृष्टिकोण मिलता है।
- हरियाणा का अक्षांशीय और देशांतरीय विस्तार मानचित्र
आप नीचे दिए गए चित्रों के नीचे मौजूद डाउनलोड बटनों पर क्लिक करके हरियाणा के नक्शों (Haryana Maps) को PDF और इमेज दोनों फॉर्मेट में मुफ्त और उच्च गुणवत्ता के साथ आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं।
हरियाणा का नक्शा (Haryana Map in Hindi) 2026

यह मानचित्र हरियाणा राज्य का एक नवीनतम, विस्तृत और शैक्षणिक दृष्टि से उपयोगी राजनीतिक मानचित्र है, जिसमें निम्नलिखित विशेषताएं शामिल हैं:
- हरियाणा के सभी 23 जिलों को स्पष्ट रूप से दर्शाया गया है, जिसमें नया गठित हांसी जिला भी शामिल है।
- प्रत्येक जिले का मुख्यालय भी चिन्हित किया गया है।
- हरियाणा के पड़ोसी राज्यों (पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान) को उनके भौगोलिक स्थान के अनुसार दर्शाया गया है।
- हरियाणा के 6 मंडलों को अलग-अलग रंगों से दर्शाया गया है, ताकि उनकी सीमाएं और पहचान स्पष्ट रहें।
- मंडलों के नाम जानबूझकर नहीं लिखे गए हैं, ताकि विद्यार्थी स्वयं उन्हें पहचानने और अभ्यास करने के लिए प्रेरित हों।
- मानचित्र में संकेत सूची (Legend), उत्तर दिशा सूचक (North Arrow) और मापनी (Scale Bar) भी जोड़े गए हैं, जिससे यह मानचित्र अध्ययन के साथ-साथ मानचित्र-पठन (Map Reading) के अभ्यास के लिए भी उपयोगी बन जाता है।
- यह नक्शा विद्यार्थियों को यह जानने में भी मदद करता है कि हरियाणा के किन-किन जिलों की सीमाएं किन-किन पड़ोसी राज्यों से लगती हैं, जो भौगोलिक समझ और प्रतियोगी परीक्षाओं दोनों के लिए उपयोगी जानकारी है।
यह मानचित्र छात्रों, शिक्षकों, प्रतियोगी परीक्षार्थियों और सामान्य ज्ञान के इच्छुक सभी पाठकों के लिए अत्यंत उपयोगी है।
हरियाणा के मानचित्र से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्य
- हरियाणा भारत का एक प्रमुख उत्तर भारतीय राज्य है, जिसका गठन 1 नवंबर 1966 को हुआ था। इससे पहले यह क्षेत्र पंजाब राज्य का हिस्सा था।
- हरियाणा भारत के 4 राज्यों (राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और पंजाब) तथा 2 केंद्र शासित प्रदेशों (चंडीगढ़ और दिल्ली) के साथ अपनी सीमाएं साझा करता है। इनमें से चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब की संयुक्त राजधानी भी है।
- हरियाणा की सबसे लंबी सीमा राजस्थान राज्य के साथ लगती है तथा राज्यों में सबसे छोटी सीमा हिमाचल प्रदेश के साथ।
- हरियाणा के 7 जिलों की सीमाएं राजस्थान के साथ लगती हैं, जो पूर्व से पश्चिम की ओर इस प्रकार हैं – नूह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा।
- हरियाणा के 7 जिलों की सीमाएं उत्तर प्रदेश के साथ लगती हैं, जो उत्तर से दक्षिण की ओर इस प्रकार हैं – यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, पलवल और नूह।
- हरियाणा के 3 जिलों की सीमाएं हिमाचल प्रदेश के साथ लगती हैं, जो पश्चिम से पूर्व की ओर इस प्रकार हैं – पंचकुला, अंबाला और यमुनानगर।
- हरियाणा के 7 जिलों की सीमा पंजाब के साथ लगती है, जो उत्तर से दक्षिण की ओर इस प्रकार हैं – पंचकुला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, फतेहाबाद और सिरसा।
- दिल्ली केंद्र शासित प्रदेश तीन ओर से हरियाणा से घिरा हुआ है। हरियाणा के 4 जिलों की सीमा दिल्ली के साथ लगती है, ये चार जिले हैं – सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम और फरीदाबाद।
- चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश, जो हरियाणा और पंजाब की संयुक्त राजधानी है, हरियाणा के एकमात्र जिले पंचकूला के साथ सीमा साझा करता है।
- नया गठित हांसी जिला राज्य के भीतरी भाग में स्थित है, इसलिए यह किसी भी पड़ोसी राज्य से सीमा साझा नहीं करता।
हरियाणा का जिला मानचित्र (Haryana District Map)

यह हरियाणा का नक्शा राज्य के सभी 23 जिलों को स्पष्ट रूप से दर्शाता है, साथ ही इसमें हर जिले के मुख्यालय (जिला मुख्यालय) को भी दर्शाया गया है। ऊपर दिए गए डाउनलोड बटनों पर क्लिक करके आप इन मानचित्रों को उच्च गुणवत्ता वाली इमेज और PDF फॉर्मेट में बिल्कुल मुफ्त डाउनलोड कर सकते हैं।
हरियाणा राज्य का गठन 1 नवंबर 1966 को हुआ था, जब इसे पंजाब से अलग करके एक स्वतंत्र राज्य का दर्जा दिया गया। गठन के समय हरियाणा में केवल 7 जिले थे। समय के साथ-साथ जनसंख्या वृद्धि, प्रशासनिक सुविधा और क्षेत्रीय मांगों के आधार पर नए जिलों का निर्माण होता गया। दिसंबर 2025 में हांसी के गठन के बाद वर्तमान में हरियाणा में कुल 23 जिले हैं।
प्रारंभिक 7 जिले (1966 में)
- अंबाला
- करनाल
- रोहतक
- हिसार
- गुड़गांव (अब गुरुग्राम)
- जींद
- महेंद्रगढ़
हरियाणा के 23 जिलों के नाम (सूची)
हरियाणा के सभी 23 जिलों के नाम इस प्रकार हैं:
- अंबाला
- भिवानी
- चरखी दादरी
- फरीदाबाद
- फतेहाबाद
- गुरुग्राम
- हांसी
- हिसार
- झज्जर
- जींद
- कैथल
- करनाल
- कुरुक्षेत्र
- महेंद्रगढ़
- नूह
- पलवल
- पंचकुला
- पानीपत
- रेवाड़ी
- रोहतक
- सिरसा
- सोनीपत
- यमुनानगर
हरियाणा के जिलों की सूची : मुख्यालय, स्थापना वर्ष और क्षेत्रफल सहित
| क्रमांक | जिला | मुख्यालय | स्थापना वर्ष | क्षेत्रफल (वर्ग किमी) |
| 1 | अंबाला | अंबाला | 1966 | 1574 |
| 2 | गुरुग्राम | गुरुग्राम | 1966 | 1253 |
| 3 | हिसार | हिसार | 1966 | 3983* |
| 4 | जींद | जींद | 1966 | 2702 |
| 5 | करनाल | करनाल | 1966 | 2520 |
| 6 | महेंद्रगढ़ | नारनौल | 1966 | 1859 |
| 7 | रोहतक | रोहतक | 1966 | 1745 |
| 8 | भिवानी | भिवानी | 1972 | 3432* |
| 9 | सोनीपत | सोनीपत | 1972 | 2122 |
| 10 | कुरुक्षेत्र | कुरुक्षेत्र | 1973 | 1530 |
| 11 | सिरसा | सिरसा | 1975 | 4277 |
| 12 | फरीदाबाद | फरीदाबाद | 1979 | 742 |
| 13 | रेवाड़ी | रेवाड़ी | 1989 | 1582 |
| 14 | कैथल | कैथल | 1989 | 2317 |
| 15 | यमुनानगर | यमुनानगर | 1989 | 1768 |
| 16 | पानीपत | पानीपत | 1989 | 1268 |
| 17 | पंचकुला | पंचकुला | 1995 | 898 |
| 18 | फतेहाबाद | फतेहाबाद | 1997 | 2538 |
| 19 | झज्जर | झज्जर | 1997 | 1834 |
| 20 | नूह | नूह | 2005 | 1874 |
| 21 | पलवल | पलवल | 2008 | 1359 |
| 22 | चरखी दादरी | चरखी दादरी | 2016 | 1370 |
| 23 | हांसी | हांसी | 2025 | लगभग 1350 |
* हांसी जिले के गठन के बाद हिसार और भिवानी के क्षेत्रफल में परिवर्तन हुआ है। यहां दिए गए आंकड़े पुनर्गठन से पूर्व के हैं; सरकार द्वारा संशोधित आधिकारिक आंकड़े जारी होते ही इन्हें अपडेट कर दिया जाएगा।
हरियाणा का 23वां जिला : हांसी
हांसी हरियाणा का 23वां और नवीनतम जिला है, जिसका गठन 22 दिसंबर 2025 को राज्य सरकार की अधिसूचना द्वारा किया गया। इससे पूर्व हरियाणा का सबसे नया जिला चरखी दादरी (2016) था। हांसी जिले का गठन मुख्यतः हिसार जिले के क्षेत्र से किया गया है, तथा इसमें भिवानी जिले का कुछ क्षेत्र भी शामिल किया गया है।
हांसी ऐतिहासिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण नगर है। यहां स्थित असीगढ़ किला (हांसी किला) क्षेत्र का एक प्रमुख ऐतिहासिक स्थल है, और मध्यकाल में हांसी एक महत्वपूर्ण सैन्य एवं प्रशासनिक केंद्र रहा है।
| विवरण | जानकारी |
| जिले का नाम | हांसी |
| क्रम | हरियाणा का 23वां जिला |
| गठन की तिथि | 22 दिसंबर 2025 (अधिसूचना) |
| जिला मुख्यालय | हांसी |
| मंडल | हिसार मंडल |
| किन जिलों से अलग हुआ | हिसार (मुख्यतः) एवं भिवानी |
| उपमंडल | हांसी, नारनौंद, बवानी खेड़ा |
| प्रमुख तहसीलें | हांसी, नारनौंद, बास, बवानी खेड़ा |
| अनुमानित क्षेत्रफल | लगभग 1,350 वर्ग किलोमीटर |
| प्रमुख ऐतिहासिक स्थल | असीगढ़ किला (हांसी किला) |
नोट : नवगठित जिले से संबंधित प्रशासनिक विवरण (तहसील/उपमंडल की अंतिम संख्या, संशोधित क्षेत्रफल एवं जनसंख्या) सरकारी स्तर पर अद्यतन किए जा रहे हैं। इस लेख की जानकारी राज्य सरकार की अधिसूचना एवं आधिकारिक जिला वेबसाइट पर उपलब्ध विवरण पर आधारित है।
हरियाणा का मंडल मानचित्र

प्रशासनिक सुविधा की दृष्टि से हरियाणा राज्य को 6 मंडलों में विभाजित किया गया है। यह हरियाणा का नक्शा इन सभी मंडलों, उनकी सीमाओं और मंडल मुख्यालयों को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करता है। इस मानचित्र में मंडलों के अंतर्गत आने वाले जिलों को नहीं दर्शाया गया है, ताकि छात्र स्वयं अभ्यास करते हुए प्रत्येक मंडल में आने वाले जिलों की पहचान कर सकें। ऊपर दिए गए डाउनलोड बटनों पर क्लिक करके आप इन मानचित्रों को उच्च गुणवत्ता वाली इमेज और PDF फॉर्मेट में बिल्कुल मुफ्त डाउनलोड कर सकते हैं।
हरियाणा के 6 मंडल निम्नलिखित हैं:
- अंबाला मंडल
- करनाल मंडल
- रोहतक मंडल
- हिसार मंडल
- फरीदाबाद मंडल
- गुरुग्राम मंडल
हरियाणा के मंडल और जिलों का मानचित्र

यह हरियाणा का नक्शा राज्य के सभी 23 जिलों को उनके संबंधित 6 प्रशासनिक मंडलों के साथ दर्शाता है। इससे छात्रों को यह समझने में मदद मिलेगी कि कौन सा जिला किस मंडल के अंतर्गत आता है। ऊपर दिए गए डाउनलोड बटनों पर क्लिक करके आप इन मानचित्रों को उच्च गुणवत्ता वाली इमेज और PDF फॉर्मेट में बिल्कुल मुफ्त डाउनलोड कर सकते हैं।
हरियाणा के 6 मंडल और उनके अंतर्गत आने वाले जिले इस प्रकार हैं –
| मंडल का नाम | मुख्यालय | अंतर्गत आने वाले जिले | जिलों की संख्या |
| अंबाला | अंबाला | अंबाला, कुरुक्षेत्र, पंचकुला, यमुनानगर | 4 |
| करनाल | करनाल | करनाल, पानीपत, कैथल | 3 |
| हिसार | हिसार | फतेहाबाद, जींद, हिसार, सिरसा, हांसी | 5 |
| रोहतक | रोहतक | झज्जर, चरखी दादरी, रोहतक, सोनीपत, भिवानी | 5 |
| गुरुग्राम | गुरुग्राम | गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी | 3 |
| फरीदाबाद | फरीदाबाद | फरीदाबाद, पलवल, नूह | 3 |
भारत के नक्शे में हरियाणा की स्थिति (Haryana in India Map)

यह नक्शा भारत के मानचित्र पर हरियाणा राज्य की भौगोलिक स्थिति को दर्शाता है। इसमें स्पष्ट रूप से दिखाया गया है कि हरियाणा भारत के किन-किन राज्यों के साथ सीमा साझा करता है। हरियाणा की सीमाएं भारत के 4 राज्यों — राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और पंजाब — तथा 2 केंद्र शासित प्रदेशों — चंडीगढ़ और दिल्ली — के साथ लगती हैं।
हरियाणा का अक्षांशीय एवं देशांतरीय विस्तार मानचित्र

यह मानचित्र हरियाणा के अक्षांशीय एवं देशांतरीय विस्तार को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। इसमें राज्य के सबसे उत्तरी, दक्षिणी, पूर्वी और पश्चिमी जिलों को भी प्रदर्शित किया गया है। ऊपर दिए गए डाउनलोड बटन पर क्लिक करके आप इस मानचित्र को उच्च गुणवत्ता वाली इमेज में बिल्कुल मुफ्त डाउनलोड कर सकते हैं।
हरियाणा का अक्षांशीय विस्तार 27°39′ उत्तरी अक्षांश से 30°35’5” उत्तरी अक्षांश तक तथा देशांतरीय विस्तार 74°27’8” पूर्वी देशांतर से 77°36’5” पूर्वी देशांतर तक है।
| दिशा | जिला |
| सबसे उत्तरी जिला | पंचकूला |
| सबसे दक्षिणी जिला | नूह |
| सबसे पूर्वी जिला | यमुनानगर |
| सबसे पश्चिमी जिला | सिरसा |
हरियाणा का नक्शा कैसे पढ़ें
किसी भी मानचित्र को सही ढंग से समझने के लिए उसके तीन मूल तत्वों को जानना आवश्यक है। इस लेख के सभी मानचित्रों में ये तीनों तत्व शामिल किए गए हैं:
- संकेत सूची (Legend) – मानचित्र के कोने में दी गई यह सूची बताती है कि किस रेखा या चिह्न का क्या अर्थ है। इन मानचित्रों में मोटी रेखा राज्य सीमा, पतली रेखा जिला सीमा, वर्गाकार चिह्न के अन्दर गोल बिंदुराज्य मुख्यालय तथा गोल बिंदु जिला मुख्यालय को दर्शाता है।
- उत्तर दिशा सूचक (North Arrow) – मानचित्र के ऊपरी दाएं कोने में दिया गया यह चिह्न बताता है कि मानचित्र में उत्तर दिशा किधर है। इसकी सहायता से आप किसी भी जिले की सापेक्ष स्थिति (जैसे कोई जिला दूसरे के उत्तर में है या दक्षिण में) आसानी से बता सकते हैं।
- मापनी (Scale Bar) – मानचित्र के नीचे दी गई यह पट्टी वास्तविक दूरी और मानचित्र की दूरी के बीच का अनुपात दर्शाती है। इसकी सहायता से आप दो स्थानों के बीच की अनुमानित वास्तविक दूरी (किलोमीटर में) निकाल सकते हैं।
प्रतियोगी परीक्षाओं में मानचित्र आधारित प्रश्न प्रायः इन्हीं तीन तत्वों की समझ पर आधारित होते हैं, इसलिए अभ्यास के समय इन पर विशेष ध्यान दें।
हरियाणा के NCR में शामिल जिले
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (National Capital Region – NCR) में हरियाणा के 14 जिले शामिल हैं, जो इस प्रकार हैं:
- फरीदाबाद
- गुरुग्राम
- नूह
- रोहतक
- सोनीपत
- रेवाड़ी
- झज्जर
- पानीपत
- पलवल
- भिवानी
- चरखी दादरी
- महेंद्रगढ़
- जींद
- करनाल
हरियाणा NCR में सबसे अधिक क्षेत्रफल का योगदान देने वाला राज्य है। नवगठित हांसी जिले की NCR में स्थिति के संबंध में अधिसूचना जारी होने पर यह सूची अद्यतन कर दी जाएगी।
हरियाणा एक नज़र में
हरियाणा के भौगोलिक और राजनीतिक नक्शे को समझने के बाद, आइए राज्य से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण तथ्यों पर एक संक्षिप्त नज़र डालते हैं, जो प्रतियोगी परीक्षाओं (HSSC, HPSC, SSC) के लिए बेहद जरूरी हैं।
| विवरण | जानकारी |
| राज्य का नाम | हरियाणा |
| स्थापना दिवस | 1 नवंबर 1966 (पंजाब से अलग होकर) |
| राजधानी | चंडीगढ़ |
| कुल क्षेत्रफल | 44,212 वर्ग किलोमीटर |
| कुल जिले | 23 |
| प्रशासनिक मंडल | 6 (अंबाला, करनाल, रोहतक, हिसार, फरीदाबाद, गुरुग्राम) |
| सबसे नया जिला | हांसी (2025) |
| कुल जनसंख्या | 2,53,51,462 (2011 की जनगणना के अनुसार) |
| साक्षरता दर | 75.55% (2011 की जनगणना के अनुसार) |
| राजभाषा | हिंदी (प्रमुख क्षेत्रीय बोली: हरियाणवी) |
| विधानसभा सीटें | 90 |
| लोकसभा सीटें | 10 |
| राज्यसभा सीटें | 5 |
| सबसे बड़ा जिला (क्षेत्रफल में) | सिरसा (4,277 वर्ग किमी) |
| सबसे छोटा जिला (क्षेत्रफल में) | फरीदाबाद (742 वर्ग किमी) |
| सबसे बड़ा शहर (जनसंख्या में) | फरीदाबाद |
| NCR में शामिल जिले | 14 |
| राजकीय पशु | काला हिरण (Blackbuck) |
| राजकीय पक्षी | काला तीतर (Black Francolin) |
| राजकीय वृक्ष | पीपल |
| राजकीय पुष्प | कमल |
| राजकीय खेल | कुश्ती |
| प्रमुख नदियां | यमुना, घग्गर, मारकंडा, साहिबी |
| पड़ोसी राज्य / UT | 4 राज्य (पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश) और 2 UT (दिल्ली, चंडीगढ़) |
निष्कर्ष
हरियाणा का नक्शा राज्य की प्रशासनिक संरचना, जिलों की स्थिति और पड़ोसी राज्यों के साथ इसकी सीमाओं को समझने का सबसे प्रभावी माध्यम है। दिसंबर 2025 में हांसी जिले के गठन के बाद राज्य की जिला संरचना में बदलाव आया है, जिसे इस लेख के सभी मानचित्रों में शामिल किया गया है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए सुझाव है कि वे मंडल मानचित्र का उपयोग करके स्वयं जिलों की पहचान का अभ्यास करें — यह अभ्यास मानचित्र आधारित प्रश्नों में बहुत उपयोगी सिद्ध होता है।
स्रोत : इस लेख के मानचित्र Survey of India के आधिकारिक सीमा डेटासेट के आधार पर QGIS सॉफ्टवेयर में तैयार किए गए हैं। हांसी जिले से संबंधित जानकारी हरियाणा सरकार की 22 दिसंबर 2025 की अधिसूचना एवं आधिकारिक जिला वेबसाइट पर आधारित है।
अंतिम अपडेट : सितंबर 2026
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQ)
हरियाणा में कितने जिले हैं 2026 में?
हरियाणा में वर्तमान (2026) में कुल 23 जिले हैं। 22 दिसंबर 2025 को हांसी को राज्य का 23वां जिला घोषित किया गया। इससे पहले हरियाणा में 22 जिले थे।
हरियाणा का 23वां जिला कौन सा है?
हरियाणा का 23वां जिला हांसी है। इसका गठन 22 दिसंबर 2025 को हिसार जिले के क्षेत्र से, तथा भिवानी जिले के कुछ क्षेत्र को मिलाकर किया गया। इसका मुख्यालय हांसी नगर है।
हांसी जिला किस मंडल में आता है?
हांसी जिला हिसार मंडल के अंतर्गत आता है। हांसी के जुड़ने के बाद हिसार मंडल में अब कुल 5 जिले हो गए हैं – हिसार, हांसी, फतेहाबाद, जींद और सिरसा।
हरियाणा में कितने मंडल हैं और कौन-कौन से हैं?
हरियाणा में कुल 6 प्रशासनिक मंडल हैं – अंबाला, करनाल, रोहतक, हिसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद। प्रत्येक मंडल का नेतृत्व एक मंडलायुक्त (Divisional Commissioner) करता है।
हरियाणा कहां पर स्थित है?
हरियाणा भारत के उत्तर-पश्चिम भाग में स्थित एक राज्य है। यह 27°39′ से 30°35’5” उत्तरी अक्षांश तथा 74°27’8” से 77°36’5” पूर्वी देशांतर के बीच फैला है। यह एक स्थलरुद्ध (landlocked) राज्य है, अर्थात इसकी सीमा किसी समुद्र से नहीं लगती।
हरियाणा के उत्तर में कौन सा राज्य है?
हरियाणा के उत्तर में हिमाचल प्रदेश और पंजाब स्थित हैं। हिमाचल प्रदेश से हरियाणा के 3 जिलों – पंचकुला, अंबाला और यमुनानगर – की सीमा लगती है।
हरियाणा के पश्चिम में कौन सा राज्य है?
हरियाणा के पश्चिम में पंजाब और राजस्थान स्थित हैं। राजस्थान के साथ हरियाणा की सबसे लंबी सीमा लगती है, जिसमें नूह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा — कुल 7 जिले शामिल हैं।
हरियाणा का सबसे बड़ा और सबसे छोटा जिला कौन सा है?
क्षेत्रफल की दृष्टि से हरियाणा का सबसे बड़ा जिला सिरसा (4,277 वर्ग किमी) और सबसे छोटा जिला फरीदाबाद (742 वर्ग किमी) है। जनसंख्या की दृष्टि से सबसे बड़ा शहर फरीदाबाद है।
हरियाणा के कितने जिलों की सीमा दिल्ली से लगती है?
हरियाणा के 4 जिलों की सीमा दिल्ली से लगती है – सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम और फरीदाबाद। दिल्ली तीन ओर से हरियाणा से घिरा हुआ है।
हरियाणा राज्य की स्थापना कब हुई थी?
हरियाणा की स्थापना 1 नवंबर 1966 को हुई थी, जब इसे पंजाब से अलग करके एक स्वतंत्र राज्य का दर्जा दिया गया। गठन के समय हरियाणा में केवल 7 जिले थे।
हरियाणा का नक्शा PDF में कैसे डाउनलोड करें?
इस लेख में प्रत्येक मानचित्र के नीचे दो डाउनलोड बटन दिए गए हैं – एक HD इमेज के लिए और दूसरा PDF के लिए। संबंधित बटन पर क्लिक करते ही नक्शा उच्च गुणवत्ता में डाउनलोड हो जाएगा। सभी मानचित्र निःशुल्क हैं।
क्या हांसी जिले के साथ नया नक्शा उपलब्ध है?
हां। इस लेख के सभी मानचित्र 23 जिलों के साथ अपडेट कर दिए गए हैं, जिनमें हांसी जिले की सीमा भी दर्शाई गई है। ये मानचित्र Survey of India के आधिकारिक सीमा डेटा के आधार पर तैयार किए गए हैं।
bahut axa map with explanation
Plz continue this series 🙏
OK
Hariyana best